
बिहार : पटना-मुगलसराय (पीडीडीयू) रेलखंउ के डुमरांव रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे गुमटी और नहर के बीच बुधवार की दोपहर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। ट्रेन गुजरने के बाद चारों शव ट्रैक पर बिखर गए। चार बच्चों की उम्र छह साल से कम थी। एक बच्ची केवल छह माह की थी।
एक साथ चार के मौत की खबर मिलते ही शहर में सनसनी फैल गयी। महिला और बच्चों के शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पायी है। शवों को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत महिला शादीशुदा है। ऐसे में, ये तीनों बच्चे उसकी संतान हो सकती है।
बताया जा रहा है कि बुधवार की दोपहर अप में ट्रेन बक्सर की ओर जा रही थी, तभी तीन बच्चों के साथ तीस वर्षीय महिला ट्रेन के सामने आ गयी। पलभर में चारों जिन्दगियां खामोश हो गईं। धड़धड़ाती हुई ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई और ट्रैक पर चारों ओर लाशें बिछ गयीं। मौत का यह मंजर देखकर लोगों का कलेजा दहल गया। महिला के गोद में छह माह की पुत्री, एक चार साल का पुत्र और एक छह वर्ष की लड़की थी।