जयपुर/नई दिल्ली : राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके पुत्र भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह ने गायिका कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने के बाद स्वयं को पृथक कर लिया है। कोविड-19 की महामारी के बीच बॉलीवुड की गायिका कनिका कपूर में कोरोना वायरस की पुष्टि के बाद अब लखनऊ, कानपुर से लेकर जयपुर तक आतंक फैल गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुई थीं। यह जानने के बाद उन्होंने खुद को क्वांटराइन कर लिया है। राजे ने खुद ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है कि वह कनिका के साथ पार्टी में मौजूद थीं और इसीलिए खुद को क्वारंटाइन कर रही हैं। ऐसी ही ट्वीट उनके सांसद बेटे ने भी किया है। इतना ही नहीं, इसी पार्टी में मौजूद रहे उत्तर प्रदेश के स्वाथ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने भी अपना कोरोना टेस्ट कराया है। स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह और उनकी पत्नी दोनों ने अपने आप को आइसोलेट कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री एवं उनकी पत्नी, परिजनों और घर में काम करने वाले लोगों के जांच के नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
पार्टी में 500 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे
मालूम हो कि कनिका ने लखनऊ में आयोजित एक पार्टी में गई थी। उस पार्टी में 500 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे, जिसमें कई बड़े अफसर और नेता थे। इसके बाद अब पुलिस पार्टी में मौजूद सभी लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिनकी जांच कराई जाएगी। यह भी मालूम हो कि गायिका कनिका कुछ ही दिन पहले ही लंदन से लौटी थी और लखनऊ के ताज होटल में ठहरीं। इसके बाद वह शालीमार ग्रैंड अपाटमेंट में आयोजित एक पार्टी में शामिल हुई। जानकारी के अनुसार, लंदन से लौटने की बात उन्होंने किसी को नहीं बताई और सीधे होटल में चली गईं। इस दौरान उनके संपर्क में कई लोग आए।