
कोलकाताः अक्सर हम लोग अपने पूर्वजों की तस्वीरें घरों में लगाते हैं। ऐसा माना जाता है कि पूर्वजों की इन तस्वीरों को घर में लगाने से उनका आशीर्वाद घर-परिवार पर बना रहता है, लेकिन वहीं वास्तुशास्त्र के अनुसार घर में पूर्वजों की तस्वीरें लगाते समय कुछ बातों की सावधानी भी रखनी चाहिए। ऐसा न करने पर घर में तरह-तरह की परेशानियां आती रहती हैं। आइए जानते हैं कि घर में पूर्वजों की तस्वीरें लगते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
कभी भी हमें अपने पूर्वजों की तस्वीरें देवी-देवताओं के साथ नहीं लगाना चाहिए। ये बात अलग है कि हमारे पूर्वज भी देवताओं की तरह ही शक्तिशाली होते हैं लेकिन इनको देवताओं के समकक्ष नहीं माना जाता है। ऐसा करने से देवदोष लगता है और देवी-देवताओं के शुभ फल भी हमें प्राप्त नहीं होते हैं।
घर में यहां पर लगानी चाहिए पूर्वजों की तस्वीरें: वास्तुशास्त्र के मुताबिक पूर्वजों की तस्वीरों को हमेशा घर के उत्तरी भाग के कमरों में लगाना चाहिए। यदि ऐसा संभव न हो तो घर में पूर्वजों की तस्वीर उत्तरी दीवार से लगाना चाहिए, जिससे इनकी दृष्टि हमेशा दक्षिण की तरफ बनी रहे। ऐसा करने से घर में अकाल मृत्यु और संकट से बचाव होता है।