
रामगढ़ (झारखंड): झारखंड के रामगढ़ जिले के भडानी नगर थाना क्षेत्र के पाली गांव से एक आदिवासी समेत दो युवकों को एक नाबलिग आदिवासी लड़की से दुष्कर्म और एक अन्य से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया।
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया, ‘घटना 16 फरवरी की है, जिसके संदर्भ में पीड़ित बालिकाओं के परिजनों ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस ने इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को पाली गांव से बलात्कार के अभियुक्त महेश बेदिया (25) और बलात्कार के प्रयास के अभियुक्त उसके मित्र राजू सिंह को गिरफ्तार किया।’ दोनों युवकों को पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दोनों आदिवासी बालिकाएं क्रमश: 13 और 14 वर्ष की हैं। घटना के दिन दोनों निकट के पाली गांव के पास फुटबॉल के मैदान में फुटबॉल खेलने गयीं थीं। जब वे फुटबॉल खेलकर वापस अपने गांव आ रहीं थीं उसी समय दोनों आरोपितों ने दोनों को डरा धमकाकर अगवा कर लिया तथा निकट के खाली पड़े मकान में ले जाकर एक बालिका से बलात्कार किया जबकि दूसरी बालिका से बलात्कार की कोशिश की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।