
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण में मथुरा की पांच विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। लोकतंत्र के महापर्व में मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में गजब का उत्साह है। इसी कड़ी में शादी के बाद एक दूल्हे ने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। इसके बाद अपनी दुल्हन को घर ले गया। दूल्हे के साथ आए बरातियों ने भी अपने मत का प्रयोग किया।जिले में गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान की प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी। मतदान के लिए जिले में 1104 मतदान केंद्रों पर 2224 बूथ बनाए गए हैं। इस बार 18.71 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 55 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मथुरा सदर क्षेत्र के रहने वाले ईशान पांडे की शादी बुधवार रात को एक मैरिज होम में संपन्न हुई। गुरुवार सुबह ईशान ने अपनी दुल्हन को घर ले जाने से पहले मतदान करने पहुंचे। उन्होंने ज्ञान ज्योति जूनियर हाईस्कूल पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
ईशान पांडे ने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान। हर किसी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। बूथ पर ईशान के साथ लाइन में खड़े अधिवक्ता संजय गौड़ एडवोकेट ने कहा कि हर किसी को मतदान करना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ लोकतंत्र में हर वोट जरूरी होता है।