दुमका : झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने किसानों से प्रदेश को समृद्ध बनाने के साथ अपनी आय बढ़ाने के लिए परिश्रम और अत्याधुनिक तकनीक से खेती करने का आह्वान किया है।
बादल ने यहां आत्मा सभागार में शनिवार को किसानों के बीच परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में जिले के 3180 किसानों के बीच तालाब निर्माण की राशि के साथ कृषि संयंत्र सहित विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण करने के बाद कहा कि कृषि प्रधान देश होने के नाते किसानों को उन्नत बनाना सबसे बड़ी चुनौती है। किसान मजबूत होंगे तो हमारा देश, समाज एवं राज्य खुद-ब-खुद मजबूत हो जाएगा। मंत्री ने कहा, ‘जब से मैंने जिम्मेदारियां संभाली है। चीजों को पहले समझने का प्रयास कर रहा हूं। समीक्षा कर रहा हूं, ताकि एक बेहतर झारखंड के निर्माण में अपना योगदान दे सकूं। आप मेहनत कीजिए। खेतों में पानी, उन्नत बीज एवं यंत्र आदि की आवश्यकता होगी तो सरकार यह सभी सुविधाएं किसानों को मुहैया करायेगी।’ बादल ने कहा कि पूरे जिले में आज जिस तरह से 3180 किसानों को विभिन्न विभागों द्वारा परिसंपत्ति वितरण किया जा रहा है। इसी तरह आने वाले दिनों में अधिक से अधिक किसान खेती से जुड़कर देश के विकास में अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में जो भी रिक्तियां हैं उसे शीघ्र भरा जायेगा। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना को मजबूत करके ही किसानों को बेहतर परिणाम दिया जा सकता हैं। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री ने किसानों से दुमका जिले को आगे ले जाने की अपील करते हुए कहा कि झारखंड राज्य के सभी जिले को किसी न किसी सब्जियां या अनाज के लिए मशहूर होना चाहिए। इसी भूमि पर पलाश, लाह की खेती से अपनी आय को दोगुनी कर सकते हैं। जरूरत है अपनी सोच को बदलने की। जब तक सोच नहीं बदलेगी, जब तक नए तकनीकों का उपयोग नहीं करेंगे। बादल ने कहा कि उन्नत तकनीक का उपयोग कर कम भूमि में अधिक उत्पादन करें। नए-नए तकनीक का उपयोग कर पैदावार को बढ़ाएं। सीमित भूमि में उत्पादकता बढ़ाना आज की जरूरत है। उन्होंने किसानों से कहा कि तकनीक से संबंधित जानकारी प्राप्त करें तथा खेती में इसका लाभ उठाएं। सभी को मिलकर काम करना होगा। समय की अहमियत को समझते हुए दायित्वों का निर्वहन करें। इससे भगवान बिरसा, चांद-भैरो, फूलो झानो, महात्मा गांधी, डॉ. अंबेडकर के विचारों को गति मिलेगी। आने वाले दिनों में सब मिलकर नए झारखंड का निर्माण करेंगे।
किसान मजबूत होंगे तो देश मजबूत होगा : बादल पत्रलेख
Visited 257 times, 1 visit(s) today