रांची : रांची के सदर अस्पताल में एक लिफ्टमैन की संदेहास्पद मौत हो गई है। मृतक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई। घटना मंगलवार देर रात 12 बजे की है। अस्पताल परिसर में राहुल का शव मिला था। आनन-फानन में उसे भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस मंडल ने बताया कि जहां शव था वहां खून के कोई निशान नहीं हैं। मृतक के सिर में कोई चोट के निशान नहीं हैं। हाथ और पैर में फ्रैक्चर है। परिजन ने मृतक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राहुल से उनकी 9 बजे रात में बात हुई थी उसने बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ है। लोअर बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या गिरने से मौत का मामला लग रहा है। पांचवे फ्लोर पर एक खुली खिड़की थी। वह कमर और हाथ के बल गिरा, जिसके कारण उसका दाहिना पैर और बायां हाथ टूटा हुआ है। उन्होंने बताया है कि गिरा है या गिराया गया है इसकी जांच की जा रही है।