
बोकारोः कूलिंग पॉन्ड नंबर 2 में एक छात्र का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 18 वर्षीय हर्षित के रूप में की गई है जो 11वीं कक्षा का छात्र था। हर्षित चास के सदर बाजार का रहने वाला था। गुरुवार रात 9 बजे वह घर से स्कूटी पर निकला था। घटना स्थल से मृतक की स्कूटी भी बरामद हुई है। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुटी है। घटना हरला थाना क्षेत्र के कूलिंग पॉन्ड 2 की है।
बताया जा रहा है मृतक हर्षित कुमार गुरुवार की रात 9:30 बजे अपने घर से स्कूटी पर 5 मिनट में वापस आने की बात कह कर निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह हरला थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का कूलिंग पॉन्ड में शव है। यह सूचना हर्षित के परिजनों को भी दी गई, जिसके बाद परिजन घटनास्थल पहुंचे और हर्षित के शव की पुष्टी की। घटनास्थल से मृतक का स्कूटी भी बरामद की गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि हर्षित की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। इसका इलाज वेल्लोर के न्यूरो विभाग में चल रहा था। पुलिस के अनुसार यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस ने शव को अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन में जुटी है।