देवरिया : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को देवरिया पहुंचे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को देखने के लिए दूरदराज से हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ मैदान में देखने को मिली। लेकिन इस बीच कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता और हुड़दंग अंदाज भी देखने को मिला। सपा प्रमुख अखिलेश यादव जब मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करके जा रहे थे तभी सपा कार्यकर्ता हुड़दंग बाजी करने में लगे हुए थे। आगे आने की होड़ में लग गई। बैरिकेडिंग को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे तो वही दर्जनों कुर्सियां टूट कर चूर-चूर हो गई। इस दौरान भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस कार्यकर्ताओं को समझाते समझाते थक गई लेकिन समाजवादी पार्टी के निरंकुश कार्यकर्ता कुछ भी सुनने और समझने को तैयार नहीं थे।
अखिलेश यादव का संबोधन खत्म होने के बाद में जब मैदान खाली हुआ तब नजारा देखने लायक था क्योंकि मैदान में पड़ी दर्जनों कुर्सियां चकनाचूर हो चुकी थी। बैरिकेडिंग भी टूट गई थी जिससे साफ तौर से सपा कार्यकर्ताओं की निरंकुशता की झलक आप देख सकते हैं कि किस तरह से अनुशासनहीनता का परिचय सपा कार्यकर्ताओं के द्वारा सपा मुखिया अखिलेश यादव के कार्यक्रम में देखने को मिला है। वहीं अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा जो गर्मी निकालने की बात कर रहे थे। जब से चार चरणों के वोट पड़े हैं तब से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता ठंडे पड़ गए हैं। इस बार जो वोट पड़ेंगे तो सपा के कार्यकर्ता गर्मी निकालने वालों का भाप निकालने का काम करेंगे। अखिलेश ने कहा कि जो लोग कहते थे कि चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज पर चढ़ेगा, उन लोगों ने हवाई जहाज और हवाई अड्डे को बेच दिया। भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी कोई नहीं है। बता दें कि 2017 के चुनाव में भाजपा ने जिले की 7 सीटों में से 6 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की थी, जबकि एकमात्र भाटपार रानी ही सपा के खाते में गई थी।