कोलकाता : बचपन में अपनी थाली में खाना छोड़ना सबको याद होगा? ये नहीं खाना, वो नहीं खाना, ये सब रोज होता था। इसके साथ ही रोज होता था आपकी मां का आपको मानना कि कम से कम दाल तो खा लो! ऐसा हम सबके साथ हुआ होगा। दाल खाने पर इसलिए जोर दिया जाता था क्योंकि दाल में कई ऐसे कई पौष्टिक तत्व होते हैं, जो किसी अन्य भोजन में नहीं मिलते। हम में से अधिकतर भारतीय घरों में दाल के बिना खाना पूरा नहीं होता। कुछ इसे दिन में खाते हैं तो कुछ रात में। लेकिन कई ऐसी बातें होती रहती हैं जिसमें यह कहा जाता है कि डिनर में यानी रात को दाल नहीं खानी चाहिए। इस पर न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि रात में दाल खाने से कोई दिक्कत नहीं होती, बशर्ते आप रात को आसानी से पचने वाली दाल जैसे मूंग का सेवन करें। वह आगे बताती हैं, ‘आप रात को कुछ भी खा सकते हैं, बस आपको ये दो नियम मानकर चलने चाहिए:
दाल खाने के लिए अपनाएंये 2 नियम
· रात को सोने से दो-तीन घंटे पहले खाना खा लें, जो आपके सिस्टम को खाना पचाने के लिए पर्याप्त समय देता है।
· डिनर में हल्का खाएं, दाल को किसी हैवी या तली- भुनी चीज के साथ न खाएं।
देखा जाए तो खिचड़ी या दाल- चावल परफेक्ट डिनर है क्योंकि यह आपको प्रोटीन देता है और अच्छी नींद लेने में आपकी मदद करता है।’
रात में खाएं कौन–सी दाल
‘सामान्य तौर पर, दिन के समय दाल खाना सही है क्योंकि रात में हमें हल्का और आसानी से पचने वाले भोजन का सेवन करना चाहिए। उदाहरण के लिए, मूंग दाल हल्की होती है और आसानी से पच जाती है। रात में इसका सेवन ठीक है। बल्कि मूंग दाल पाचन प्रक्रिया को संतुलित करती है, यदि आप रात को दाल खा रहे हैं तो सोने से कम से कम दो- तीन घंटे पहले खा लीजिए। दाल प्रोटीन का बढ़िया स्रोत है लेकिन इसे पचने में थोड़ा समय लगता है।