रांची: रांची नगर निगम ने चिरौंदी में गरीबों के लिए 872 नए फ्लैट बनाने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार रांची नगर निगम द्वारा गरीब लाभुकों को दिए गए फ्लैट जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में रांची नगर निगम ने फैसला लिया है कि पुराने हो चुके जर्जर फ्लैट तोड़े जाएंगे और इन फ्लैट में रहने वाले लोगों को चिरौंदी में ही 872 नए फ्लैट बनाकर शिफ्ट किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की कवायद शुरू हो गई है। सोमवार को नगर निगम आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश पर उपनगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन चिरौंदी पहुंचे और उन्होंने स्थल का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से इस प्रोजेक्ट के बारे में बातचीत भी की। बैठक में पूर्व पार्षद बटर सिंह देवल भी मौजूद रहे।
पूर्व पार्षद ने बताया कि जहां फ्लैट बनाये जाएंगे, उस जगह को इंजीनियरों ने चिन्हित कर लिया है। नए फ्लैट उन्हीं लोगों को मिलेगा, जो अभी यहां के आवासों में रह रहे हैं। नगर निगम ने इस संबंध में पूरी सूची तैयार कर ली है। निगम के अनुसार 320 वर्ग फीट में आवास बनाए जाएंगे। एक ब्लॉक में 20 फीट आवास बनेंगे। एक फ्लैट में 1 बैडरूम, 1 किचन, हॉल और बालकनी होगी। जब नए फ्लैट में लोग शिफ्ट हो जाएंगे, तब पुराने जर्जर फ्लैट तोड़े जाएंगे।