
रांची : राज्य सरकार के निर्देश मिलने के बाद ही रांची विश्वविद्यालय (आरयू) में ऑफलाइन क्लासेस संचालित की जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन तरीके से क्लास संचालित किया जा रहा है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को इसका शत प्रतिशत लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं नामांकन में भी रांची विश्वविद्यालय अन्य विश्वविद्यालयों से पीछे है।
रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में कोरोना गाइडलाइन का ध्यान रखते हुए ऑफलाइन क्लासेस लिया जा रहा है। साथ ही शिक्षकों की ओर से परामर्श भी दिये जा रहे हैं। हालांकि, रांची विश्वविद्यालय ने अब तक इस दिशा में पहल नहीं की है। विश्वविद्यालय अभी भी राज्य सरकार के निर्देश के इंतजार में है। जबकि यूजीसी की ओर से भी एक गाइडलाइन है कि विद्यार्थियों के पठन-पाठन को देखते हुए और सुचारू करने के लिए सीनियर बच्चों को कॉलेज बुलाया जा सकता है। बशर्ते कोविड-19 गाइडलाइन का पूरी तरह पालन हो सके। आरयू राज्य का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय है, जिसमें विद्यार्थियों की संख्या भी अधिक है। सभी विद्यार्थियों को एकसाथ कॉलेज बुलाने से कोई अनहोनी न हो इस कारण विश्वविद्यालय प्रबंधन सरकार के निर्देश के इंतजार में है।