– परिवार बोला- कैश-ज्वेलरी के साथ लड़की को भगा ले गया युवक
– लड़की ने वीडियो जारी कर अपने परिवार के सारे आरोपों को खारिज किया
बरेली : उत्तर प्रदेश में कथित तौर पर एक बार फिर लव जिहाद का मामला सामने आया है। बरेली में 17 अक्टूबर को एक लड़की के लापता होने के बाद, घर वालों ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के लड़के ने जबरन उससे शादी कर ली है। इसके बाद तो जैसे यूपी के सियासी गलियारे में तनाव तीव्र हो गया है। भाजपा और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने अभियुक्त लड़के को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पुलिस थाने में बेजोर हंगामा किया।
बता दें कि परिवार वालों द्वारा दिए गए बयान के बाद लड़की ने खुद वीडियो जारी किया है जिसमें लड़की कह रही है कि वो बालिग है और वो अपनी मर्जी से आई है। उसने कहा कि उसके साथ कोई जोर जबरदस्ती नहीं हुई है। दूसरी ओर लड़की के पिता ने आरोप लगाया, ‘मेरी लड़की 8 लाख रुपये और सोने की चैन ले गई है। ऐसे में मुझे डर है कि ये उसकी हत्या ना कर दें।’
पुलिस ने की लाठीचार्ज
भाजपा और विहिप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर तोड़फोड़ की जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। परंतु इस मामले में लापरवाही बरतने और लाठीचार्ज करने के लिए चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल हों रही तस्वीरें लव जेहाद की तरफ संकेत करती हैं मगर उन चित्रों की पुष्टि नहीं हाे पाई है।
क्या है पूरी घटना
आरोप लगाया जा रहा है कि आरोपी लड़के ने लड़की के साथ जबरदस्ती की है और धोखा देकर उसे ले जाया गया है। छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी बीएससी में पढ़ती है और कंप्यूटर की कोचिंग के लिए जाती है। 17 अक्टूबर को उनकी बेटी कोचिंग से वापिस नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उन्हें पता चला कि एक लड़का उसे कहीं ले गया है। छात्रा के पिता का आरोप है कि वो तो समझते थे कि लड़का हिन्दू होगा क्योंकि उसके माथे पर टीका लगा हुआ था। गौरतलब है कि यूपी में ये पहली बार नहीं है जब किसी लव जेहाद के मामले को लेकर बवाल हुआ हो। इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
क्या कहा लड़की के परिवार ने
लड़की के पिता द्वारा मोहल्ले के बिलाल घोसी, उसकी मां, बहनें और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ फुसलाकर अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। परिवार का आरोप है कि लड़की को गुमराह कर दिल्ली ले जाया गया है, जहां जबरन उसका बयान बदलवाकर वीडियो वायरल कराया गया है।
उन्होंने कहा कि लड़का हिंदू बनकर उनकी लड़की को अगवा कर लिया है। बिलाल हिन्दू दोस्तों के साथ उनकी तरह ही बनकर रहता था। वह मंदिर जाता था और माथे पर तिलक और चंदन भी लगाता था। उसके हाथ में कलावा बंधा रहता था। बिलाल और फरार लड़की एक दूसरे को पहले से जानते थे – एक ही स्कूल में पढ़ते थे। बिलाल डेयरी चलता है और उसने सातवीं तक पढ़ाई की है। बिलाल आठवीं फेल और लड़की बीएससी कर रही थी। दोनों एक दूसरे से बातचीत करते थे। लड़की के परिजनों के मुताबिक दो साल पहले बिलाल ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की थी और उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत भी की थी। लेकिन तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी पर थाने से लेकर परिवार वालों ने उसे काफी डांट डपट लगाई। बाद में लड़की उसी के साथ फरार हो गई। लड़की के पिता के मुताबिक बिलाल उनकी बेटी को बहला फुसलाकर ले गया है।
बताते चलें कि पुलिस को उस लड़के की लोकेशन पहले हल्द्वानी मिली थी पर अब वह दिल्ली में है।