
नवीनतम शोधों के अनुसार संगीत सुनने से स्वास्थ्य पर बहुत अच्छा प्रभाव डालता है। संगीत सुनने से मानसिक रोग, उच्च रक्तचाप, हृदय रोगों आदि में राहत मिलती है। संगीत चिंता और निराशा से भी मुक्ति दिलाता है। हाल ही में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के विशेषज्ञों ने संगीत का मानसिक तनाव पर प्रभाव जानने की कोशिश की। शोध में उन्होंने 20-25 व्यक्तियों को उनकी पसंद का संगीत सुनाया और उसके बाद उन सभी व्यक्तियों का मूड तो अच्छा रहा ही, उनकी निराशा व तनाव में भी कमी पायी गयी। हाल ही में एक अन्य शोध में यह भी पाया गया कि संगीत अनिद्रा की समस्या से भी छुटकारा दिलाता है और संगीत सुनने से नींद जल्दी और लंबी आती है इसलिए अपना मनपसंद संगीत सुनिये और कई स्वास्थ्य समस्याओं से छुटकारा पाइए।
आशावादी व्यक्ति अधिक उम्र जीते हैं
हाल ही में किए गए शोधों से पता चला है कि जो व्यक्ति आशावादी होते हैं, उनकी उम्र निराशावादी व्यक्तियों की तुलना में अधिक होती है। यह परीक्षण रोचस्टर में मेयो क्लीनिक के विशेषज्ञों द्वारा किया गया और पाया गया कि निराशावादी व्यक्ति कम आयु जीते हैं इसलिए आधे खाली गिलास को मत देखिए। आधे भरे हुए गिलास को देखिए, आशावादी बनिए और अपने हौंसले को बनाए रखें। मुश्किलों का सामना भी आशावादी दृष्टिकोण अपना कर ही किया जा सकता है। अगर बिना लड़े ही हथियार डाल दिए जाएं तो हार के सिवाय क्या मिल सकता है। आशावादी दृष्टिकोण से व्यक्ति असंभव को संभव कर सकता है।