संबलपुर : देश में बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। हैदराबाद,उन्नाव और मालदह की घटना के बाद अब ओडिशा के संबलपुर में एक 37 वर्षीय महिला के साथ चार व्यक्तियों ने सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आरोप पत्र 20 दिन में दायर कर दिया जाएगा। इस बात की जानकारी संबलपुुर के पुलिस अधीक्षक कंवर विशाल सिंह ने दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चार में से एक आरोपी ने महिला को अपनी बाइक पर लिफ्ट की पेशकेश की थी।
बेहोश पड़ी मिली महिला
महिला रविवार को एंथपाली थाना क्षेत्र के भीतर आने वाले बरेइपाली में बेहोश पड़ी मिली। महिला के इस अवस्था में मिलने के बाद ही लोगों को इस घटना के बारे में पता चला। जब पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया तब घायल पीड़िता को फौरन अस्पताल ले जाया गया। होश में आने के बाद महिला ने बताया कि उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विवाहिता शनिवार रात को बरेइपाली में सरकारी बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसके समक्ष लिफ्ट देने का प्रस्ताव रखा। महिला ने पेशकेश स्वीकार कर लिया। इसके बाद वह उसे सुनसान जगह ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने आगे बताया कि व्यक्ति के तीन दोस्त भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी एक-एक करके महिला के साथ बलात्कार किया। शर्मनाक घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। किसी तरह हिम्मत करके विवाहिता बरेइपाली तक पहुंची और बेहोश हो गई।
महिला अधिकारी को सौंपा गया केस
महिला से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने रविवार को चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया था। सोमवार को सभी आरोपियों को आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक स्तर की महिला अधिकारी को सौंप दी गयी है। अगले 20 दिनों में आरोप पत्र दायर कर दिया जाएगा। महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।