उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में महिला ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस के पास पहुंची महिला ने बताया कि शराब के नशे में पति हैवानियत की सारी हदें पार कर देता है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता है। पीड़ित महिला ने पति पर जान से मारने का भी प्रयास करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डॉक्टरी परीक्षण कराया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
आगरा की रहने वाली है विवाहिता
पुलिस के साथ डॉक्टरी परीक्षण कराने सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंची पीड़िता ने बताया कि वह मूलरूप से आगरा की रहने वाली है। उसका विवाह दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला निवासी युवक के साथ हुआ था। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करने के साथ ही अप्राकृतिक संबंध बनाता है। विरोध करने पर एक सप्ताह पूर्व गला दबाकर उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया था।
दहशत में विवाहिता
जब पीड़िता ने इसकी जानकारी मायके वालों को दी, तो वह ससुराल आ गए। यहां बातचीत के दौरान आरोपी ने विवाहिता के भाई पर गोली चला दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद से पीड़िता दहशत में है। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कराया गया डॉक्टरी परीक्षण
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष दक्षिण रामेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता ने पति के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके आधार पर जानलेवा हमले के साथ अप्राकृतिक संबंध और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में यदि महिला के आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।