नई दिल्ली : बिहार में जहरीली शराब पीने से कम से कम 80 लोगों की मौत होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान राम बाबू महतो के रूप में हुई है, जो बिहार के सारण जिले का निवासी है। बिहार के सारण जिले में इस महीने की शुरुआत में जहरीली शराब पीने से सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई थी। राज्य में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध है। दिल्ली पुलिस बिहार में अवैध शराब की आपूर्ति से जुड़े सात मामलों की जांच कर रही है। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महतो दिल्ली में कहीं छिपा हुआ है। यादव ने कहा, ‘‘खबरों के मुताबिक, जहरीली शराब की बिक्री और सेवन से जुड़ी इन दुखद घटनाओं में लगभग 80 लोगों की मौत हुई है। आरोपी राम बाबू महतो इस पूरे प्रकरण में प्रमुख आरोपियों में से एक है।’’ उन्होंने कहा कि घटना के बाद जब बिहार पुलिस महतो को पकड़ने गई तो वह भागकर दिल्ली आ गया था। यादव ने बताया कि उसे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका से गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी की जानकारी बिहार पुलिस को दे दी गई है।