रांची: एनआईए ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के 4 सदस्यों के खिलाफ सोमवार को पूरक आरोपपत्र दायर किया। इन पर उगाही के माध्यम से संगठन के लिए धन जुटाने के आरोप हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। पहला पूरक आरोपपत्र भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), अवैध गतिविधियां (निवारण) कानून और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की संबंधित धाराओं में रांची में एनआईए की विशेष अदालत में दायर किया गया।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के एक प्रवक्ता ने कहा कि आरोपपत्र में गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार यादव, सुनील मांझी और मनोज कुमार चौधरी के अलावा फरार चल रहे कृष्णा दा का नाम भी शामिल है। ये सभी झारखंड के गिरिडीह के निवासी हैं। उन्होंने कहा, यादव को 22 जनवरी 2018 को भाकपा (माओवादी) कैडर को उगाही का धन देने के लिए जाते समय रास्ते में गिरफ्तार किया गया और उससे छह लाख रुपये और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गयी। प्रवक्ता ने कहा कि ये सभी भी संगठन के लिए लेवी के माध्यम से धन जुटाते थे।