
रांची : झारखंड सरकार राज्य में अनलॉक की तरफ एक कदम और बढ़ाते हुए 9वीं और 11वीं के स्कूलों के साथ कॉलेजों को खोलने पर निर्णय ले सकती है। कोचिंग संस्थानों को भी खोलने की संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक के लिए प्रस्ताव तैयार कर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को भेज दिया गया है। यह बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता की अध्यक्षता में होगी। बैठक में अनलॉक पर नई छूट देने से पहले कंटेनमेंट जोन, कोरोना संक्रमण दर और मृत्यु दर आदि का मूल्यांकन किया जाएगा। स्थिति नियंत्रण में रहने पर ही प्रतिबंधित गतिविधियों के संबंध में किसी प्रकार की छूट देने पर निर्णय लिया जा सकेगा।
सूत्रों के अनुसार सरकार कोचिंग संस्थानों को भी खोलने पर निर्णय ले सकती है। इसके लिए इनका एसोसिएशन मांग कर चुका है। भारत सरकार की ओर से आईटीआई संस्थानों को खोलने का निर्णय लिया जा चुका है। राज्य में अब तक सरकार के कुछ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ही खोले गए हैं। आईआईएम रांची, आईएसएम धनबाद, बीआईटी मेसरा, एक्सएलआरआई को भी खोलने की तैयारी चल रही है। इस दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।