
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सोमवार देर शाम नई दिल्ली में मुलाकात की। सोरेन ने कहा कि गृहमंत्री से झारखंड संबंधित कई मुद्दों पर बातचीत हुई, उन्होंने ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि झारखंड में विकास की गति और तेज करिए, केंद्र सरकार झारखंड की हर संभव मदद करेगी, केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। जानकारी के अनुसार कोरोना टीकाकरण के लिए झारखंड में 129 केंद्र तैयार हैं। सोरेन ने झारखंड में टीकाकारण केंद्रों की संख्या और टीका का कोटा बढ़ाने की भी मांग की। मालूम हो कि केंद्र और झारखंड सरकार के बीच कई नीतिगत मामलों पर मतभेद है। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के मुआवजे और दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बकाये पर केंद्र के रुख ने इस तल्खी को और बढ़ा दिया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हालिया मुलाकात को इस तल्खी को कम करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।