
रांची : धनबाद-रांची इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन का 15 जनवरी से परिचालन शुरू होगा। सोमवार को पूर्व मध्य रेलवे ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। पूर्ण रूप से आरक्षित ट्रेन में बिना रिजर्वेशन के यात्रा की अनुमति नहीं होगी। बुधवार सुबह 8 बजे से इस ट्रेन की बुकिंग शुरू होने की संभावना है। 22 मार्च से ही धनबाद-रांची इंटरसिटी स्पेशल बंद थी। 15 जनवरी से इस ट्रेन को दोनों ओर से चलाया जाएगा। 03303 धनबाद-रांची इंटरसिटी स्पेशल धनबाद से सुबह 5.40 बजे खुलेगी। यह ट्रेन चंद्रपुरा, बोकारो स्टील व मूरी में रुकते हुए सुबह 9.40 बजे रांची पहुंच जाएगी। वापसी में ट्रेन नंबर 03304 रांची-धनबाद इंटरसिटी स्पेशल को शाम 7.05 बजे रांची से रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन रात में मौर्य स्पेशल के बाद और वनांचल स्पेशल से पूर्व रात 11.10 बजे धनबाद आएगी। यह ट्रेन कतरास, फुलवारटांड़ और झालदा स्टेशन पर नहीं रुकेगी। डीसी लाइन पर धनबाद के बाद सीधे चंद्रपुरा में ही स्टॉपेज दिया गया है।