रांची : झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में कोरोना के मरीज एक सप्ताह में दोगुने मिल रहे हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए कोरोना की गाइडलाइन को कड़ाई से पालन का निर्देश दिया है। कोरोना काल से लेकर अभी तक करीब 1.21 लाख पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। हालांकि अभी करीब 800 लोग संक्रमित हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अनलॉक के बाद से ही अधिकतर लोगों ने मास्क लगाना तक छोड़ दिया, जिसके कारण संक्रमण बढ़ता गया। झारखंड में दो दिन पहले ही मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस ने लाखों रुपये मास्क नहीं लगाने पर जुर्माने के रूप में वसूला है। लॉकडाउन के अंतिम चरण में जहां संक्रमण से हो रही मौत आधा प्रतिशत तक ही था, वह अब करीब एक प्रतिशत तक पहुंच चुका है। जमशेदपुर के बाद अब राजधानी रांची में भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। रांची में 57 पॉजिटिव मरीज एक दिन में मिले हैं, जबकि जमशेदपुर से 27 मरीज मिले हैं। चार दिन पहले रांची में 45 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी, वहीं जमशेदपुर में 18 संक्रमित पाए गए थे। अब तक कोरोना की वजह से सबसे ज्यादा 356 मौत जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में हुई है। वहीं, रांची में 250 और धनबाद में 116 लोगों की जान कोरोना से जा चुकी है।
झारखंड में एक सप्ताह में दोगुने हो रहे कोरोना मरीज
Visited 258 times, 1 visit(s) today