विधान सरणी में 7 महीने की बच्ची से दुष्कर्म का मामला
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : चलने के तरीके से महानगर में 7 महीने की बच्ची से दुष्कर्म के अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना बड़तल्ला थाना इलाके की है। अभियुक्त पर फुटपाथ पर सो रही बच्ची को चुराकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। वह एक भिखारी है। अभियुक्त का नाम राजीव घोष उर्फ गोबरा (34) है। पुलिस ने उसे बुधवार की रात झाड़ग्राम के गोपीवल्लभपुर इलाके से पकड़ा है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार बच्ची से दुष्कर्म के बाद अभियुक्त कोलकाता से भाग गया था। वह झाड़ग्राम के गोपीवल्लभपुर पहुंचा और वहां के होटल में बर्तन धोने की नौकरी करने लगा था। इस बीच बड़तल्ला थाने की पुलिस ने घटना की शिकायत होने के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध के रूप में एक भिखारी की पहचान की गई। अभियुक्त थोड़ा सा हिल-डुल कर चलता था। उसकी तस्वीर राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों को भेजी गई। उसके अपराध के बारे में भी सभी थानों की पुलिस को जानकारी दी गयी। जिले-दर-जिले अभियुक्त की तलाश शुरू हुई। अंततः गोपीवल्लभवपुर थाने से खबर आयी। पुलिस ने बताया कि इलाके के एक होटल में कुछ दिन पहले पैर में चोट वाले एक व्यक्ति ने नौकरी शुरू की थी। घटना की तारीख भी उसकी नौकरी में शामिल होने की तारीख से मेल खाती है। बड़तल्ला थाने की पुलिस को गोपीवल्लभपुर पुलिस ने फोटो भेजा। फोटो से साफ हो गया है कि बच्ची से दुष्कर्म करनेवाला अभियुक्त वहां पर होटल में बर्तन धोने की नौकरी कर रहा है। इसके बाद राजीव को गिरफ्तार कर लिया गया। यहां उल्लेखनीय है कि गत 30 नवंबर को लगभग 2:30 बजे बड़तल्ला थाना क्षेत्र के एक निवासी ने घर के सामने फुटपाथ पर एक बच्ची को जोर-जोर से रोते हुए देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। उसी समय फुटपाथ पर रहने वाला एक दंपत्ति अपनी बच्ची को ढूंढ रहा था। दंपति ने बच्ची का पता लगाने के लिए पुलिस से मदद मांगी। बाद में समझ आया कि फुटपाथ पर रो रही बच्ची फुटपाथ पर रहने वाले दंपत्ति की बच्ची है। यही नहीं जांच में पता चला है कि बच्ची के साथ किसी ने दुष्कर्म किया है। बच्ची को गंभीर हालत में आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर, घटना के बाद से पुलिस अभियुक्त की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
बड़तल्ला दुष्कर्म कांड : चलने के तरीके से पकड़ा गया अभियुक्त
Visited 258 times, 1 visit(s) today