
रांची : झारखंड कांग्रेस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले पर हुए हमले के मामले में भाजपा नेताओं के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी गुंडों को प्रदर्शनकारी बता रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. एम तौसीफ ने कहा कि इससे भाजपा का असली चेहरा राज्य की जनता के सामने उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले पर जिन लोगों ने भी हमला किया उन्हें भाजपा का संरक्षण प्राप्त है। वैसे भी भाजपा का इतिहास गुंडों एवं उपद्रवियों को संरक्षण देना रहा है और उनके द्वारा उत्पात करवाना यह उनकी कार्यशैली में शुमार है। ऊपर से मरांडी गुंडों को प्रदर्शनकारी बता रहे हैं।
तौसीफ ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार में भी महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हुआ करती थी। मरांडी खुद भाजपा की सरकार को इस मामले में कटघरे में खड़ा करते रहे हैं। बहरहाल, मौजूदा सरकार अब पुलिस विभाग को मजबूत करेगी और महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्याचार, बलात्कार जैसी घटनाओं को रोकने के लिए मुस्तैदी से काम करेगी।