अभियुक्त के खिलाफ देश भर में 930 मामले हैं दर्ज
बंगलुरु से पकड़ा गया है मुख्य अभियुक्त
अब तक मामले में 11 लोगों को किया गया है गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : देश भर में 180 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम चिराग कपूर उर्फ चिंतक राज (36) है। कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने उसे बंगलुरु के अंजनपाड़ा इलाके से पकड़ा है। अभियुक्त के पास से 3 राउटर्स, 1 हार्ड डिस्क, एक लैपटॉप, 1 लैंडलाइन, 4 मोबाइल, 5 सिम कार्ड 4 चेकबुक और 6 रबर स्टैंप बरामद किये गये हैं। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला है कि अभियुक्त चिराग कपूर और उसके साथियों के खिलाफ देश भर में 930 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इससे पहले गिरोह के 10 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस अभियुक्त चिराग को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ला रही है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गत 17 जून 2024 को देवेशी दत्ता नामक महिला ने 47 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज करायी थी। महिला ने बताया कि उसे नारकोटिक्स केस में फंसाने की धमकी देकर जालसाजों ने डिजिटल अरेस्ट कर 47 लाख रुपये ठग लिये। जांच में पता चला कि महिला ने जालसाजों के कहने पर 7.40 लाख रुपये एक कंपनी के बैंक अकाउंट में जमा किये थे। जांच में पता चला कि उक्त कंपनी उमा बर्नी नामक महिला के नाम पर है। इसके बाद साइबर क्राइम थाने के अधिकारियों ने आनंदपुर, पाटुली और नरेन्द्रपुर इलाके में छापामारी कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। उस समय 104 पासबुक, 140 सिम कार्ड, 40 सील सहित अन्य दस्तावेज बरामद किये गये। पूरे ऑफिस की नजरदारी सीसीटीवी कैमरे से की जाती थी। उक्त ऑफिस का इस्तेमाल म्यूल बैंक अकाउंट का जुगाड़ करने और उनके ईमेल आईडी एवं पासवर्ड भी बदला जाता था। बाद में उन बैंक अकाउंट को देश भर में बेचा जाता था। अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला कि गिरोह का सरगना चिराग कपूर है। वह अपने एजेंट के जरिए पूरे गिरोह को चलाता था। फर्जी अकाउंट खरीदने वाले उसके एक एजेंट को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के बाद चिराग को बंगलुरु स्थित फ्लैट से पकड़ा गया है। अभियुक्त से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।