
रांची : झारखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत हो गयी। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,019 तक पहुंच गयी है। वहीं संक्रमण के 122 नये मामले सामने आने से राज्य में अबतक इस महामारी की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 1,14,268 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार रात को यह जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार झारखंड में अबतक सामने आए कोविड-19 के कुल 1,14,268 मरीजों में से 1,11,664 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस समय 1,585 संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य में एक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज की मौत हुयी है जो धनबाद का रहने वाला था। इस अवधि में कुल 10,849 नमूनों की जांच की गयी जिनमें से 122 संक्रमित पाये गये। रिपोर्ट के मुताबिक नए मामलों में राजधानी रांची के 53, पूर्वी सिंहभूम के 45 और धनबाद के 15 मरीज शामिल हैं।