जयपुर : राजस्थान के भरतपुर में 10वीं की छात्रा के साथ पड़ोसी गांव के युवक ने दुष्कर्म किया। घटना के समय लड़की घर में अकेली थी। परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में गये हुए थे। उसी दौरान आरोपी अपने तीन दोस्तों के साथ उसके घर पर आ गया और रेप की घटना को अंजाम दिया। घर में घुसने के बाद उसने चाकू की नोक पर लड़की के साथ बलात्कार किया। इस दौरान उसके तीन दोस्त घर के बाहर निगरानी कर रहे थे। आरोपी का नाम मनीष धाकड़ है।
जानकारी के मुताबिक बीते रात किशोरी घर में अकेली थी। उसके परिजन पास के गांव में एक विवाह समारोह में हिस्सा लेने गए थे। इस बात की जानकारी आरोपी को लग गई और वह चाकू लेकर घर में घुस गया। आरोपी ने चाकू दिखाकर किशोरी को धमकाया और उसके साथ रेप किया।
छत से कूदकर भागा आरोपी
अपने साथ इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाले आरोपी को सजा दिलाने के लिए पीड़िता ने हिम्मत करके चिल्लाना शुरू कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी छत से छलांग लगाकर भाग चुका था। इस दौरान उसके पैर में चोट भी लगी लेकिन वह लोगों की पकड़ में आने से पहले ही अपने दोस्तों के माटरसाइकिल से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही पीड़िता के पिता भी घर लौटे। उन्होंने बयाना थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने पीड़ित छात्रा के बयान के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। बयाना थाना प्रभारी मदन लाल मीणा ने बताया कि पीड़िता छात्रा के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी मनीष पर पॉक्सो एक्ट लगाया गया है। आरोपी और उसके साथियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।