जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम पर मंगलवार को भाजपा पर निशाना साधा और कहा, ‘इनके सारे हथकंडे विफल होंगे।’
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘महाराष्ट्र में जिस रूप में (लोकतंत्र की) हत्या की गयी है रात को अंधेरे में, उसको यह देश कभी भूलेगा नहीं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, निंदा करने योग्य है। मैं समझता हूं इससे दुनिया के मुल्कों में हमारे देश की प्रतिष्ठा गिरी है।’ उन्होंने कहा, ‘इनको सारे हथकंडे फेल होंगे, हॉर्स ट्रेडिंग की इनकी जो कल्पना थी, जो सपना था वह चकनाचूर हो गया। ऐसा मेरा मानना है।’ मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर कहा, ‘संविधान की दो दिन पहले जो धज्जियां उड़ाई गयी है वह पूरा मुल्क देख रहा है, जो सत्ता पक्ष वाली पार्टी है वह पार्टी अगर ऐसे हथकंडे अपनाएगी देश के लिए तो लोग क्या सोचेंगे उनके बारे में?’ राज्यपाल की भूमिका के जिक्र के बारे में गहलोत ने कहा कि राज्यपाल को तो पद पर रहने का अधिकार ही नहीं है। उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र के राज्यपाल महोदय को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। जिस तरह से उन्होंने भाजपा के दबाव में, सरकार के दबाव में, प्रधानमंत्री और अमित शाह के दबाव में काम किया है, ऐसे व्यक्ति को राज्यपाल पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है, यह मैं मानता हूं।’
रात के अंधेरे में लोकतंत्र की हत्या को देश भूलेगा नहीं : अशोक गहलोत
Visited 386 times, 1 visit(s) today