आजसू के लिए छोड़ रखी हैं 9 सीटें : ओम माथुर
रांची : भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा अब भी गठबंधन को साथ बनाये रखना चाहती है। सीट बंटवारे पर अगर बात नहीं बन रही तो भी हमें सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव में जाना चाहिए चुनाव में दोस्ताना मुकाबला होता रहता है।
ओम माथुर ने कहा कि गठबंधन को लेकर अब गेंद आजसू के पाले में है। हम आजसू के फैसले की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हमने 9 सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। आजसू के लिए उन्हें छोड़ रखी है। जमशेदपुर (पश्चिम) सीट से सरयू राय के टिकट पर उन्होंने कहा कि इस पर केंद्रीय नेतृत्व फैसला लेगा। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में भी मंत्री सरयू राय के टिकट की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और अमर बाउरी को टिकट मिला है। इस सूची में 15 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गयी है।
भाजपा ने अब तक पाकुड़, बड़कागांव, रामगढ़, डुमरी, गोमिया, टुंडी, जुगसलाई, जमशेदपुर (पश्चिमी), जगन्नाथपुर, तमाड़, सिल्ली और कांके सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारे हैं जबकि लोहरदगा, चंदनक्यारी, चक्रधरपुर, छतरपुर, सिंदरी, मांडू में भाजपा और आजसू के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इस बीच आजसू ने स्पष्ट कर दिया है कि वह 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, ऐसे में सीट समझौते को लेकर भाजपा-आजसू में बात बनती नहीं दिख रही है।
विधायक फूलचंद ने भाजपा से दिया त्यागपत्र, कई और छोड़ सकते हैं
धनबाद : झारखंड विधानसभा चुनाव में टिकट काटे जाने से नाराज धनबाद जिले में सिंदरी से भाजपा के विधायक फूलचंद मंडल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया।
फूलचंद मंडल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा, ‘मैं फूलचंद मंडल, विधायक सिंदरी क्षेत्र संख्या 38, धनबाद झारखंड प्रदेश भाजपा के पद एवं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। कृपया मेरा त्यागपत्र स्वीकार करें।’ विधायक ने इसके बाद बरवाअड्डा स्थित आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा को उनका टिकट काटने की कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास को सदन में छत्तीसगढ़िया कहने एवं सरकार की स्थानीय नीति का विरोध करने के कारण उनका टिकट कटा है। उन्होंने झारखंड के लोगों के हित में बात की, जिसकी सजा उन्हें मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तानाशाही करने का आरोप भी लगाया। गौरतलब है कि भाजपा से इस्तीफा देने के बाद फूलचंद मंडल एवं उनके पुत्र एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य धरनीधर मंडल और भाजपा के कई नेताओं के बारे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वे एक-दो दिनों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का दामन थाम सकते हैं।
प्रदीप बालमुचू आजसू के टिकट पर घाटशिला से लड़ेंगे चुनाव
रांची : ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची शुक्रवार को जारी कर दी, जिसमें गुरुवार को ही आजसू में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू को घाटशिला से उम्मीदवार बनाया गया है।
आजसू ने यहां उम्मीदवारों की जारी दूसरी सूची के बारे में बताया कि घाटशिला (सुरक्षित) सीट से प्रदीप बालमुचू को, मंझगांव (सु) से नंदलाल बिरुआ को, मांडर (सु) से हेमलता उरांव को, पोटका से बुलुरानी सिंह को, ईचागढ़ से हरेलाल महतो को और हटिया से भरतकाशी साहू को टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू ने की ही आजसू का दामन थामा है। वहीं अविभाजित बिहार में झरिया विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की विधायक एवं मंत्री रह चुकीं आबो देवी के साथ शुक्रवार को ही आजसू में शामिल हुई बुलुरानी सिंह और हरेलाल महतो को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
भवनाथपुर सीट से निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में पति-पत्नी आमने-सामने
रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए गढ़वा जिले के भवनाथपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में पति-पत्नी चुनाव के मैदान में आमने-सामने डटे हुए हैं।
मालूम हो कि बंशीधर नगर निर्वाची पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण के सामने भवनाथपुर से निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में मनीष कुमार सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका कुमारी ने अलग-अलग नामांकन पर्चा दाखिल किया है। मनीष कुमार सिंह ने ‘हर हाथ को रोजगार देने’ को अपना चुनावी मुद्दा बताया है तो वहीं उनकी पत्नी प्रियंका कुमारी ने क्षेत्र में ‘शिक्षा और लोगों की सेवा’ को अपना चुनावी मुद्दा बताया। चुनाव में उतरने के सवाल पर पति-पत्नी दोनों ने अलग-अलग मुद्दों पर काम करने की बात करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में चुनाव लड़ने का अधिकार हर किसी को है।