सिंकी सिंह, कोलकाता : कोरोना के बढ़ते प्रकोप को कम करने के लिए जहां राज्य सरकार ने 2 दिनों का लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है, वहीं कोलकाता नगर निगम ने भी निगम के अंतर्गत आने वाले वार्ड में 3 दिन करके लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। कोलकाता नगर निगम के लिए यह एक बहुत बड़ी चुनौती होगी लेकिन फिर भी कोरोना के प्रभाव को कम करने के लिए यह काम किया जा रहा है। निगम सूत्रों की मानें तो मिनी लॉकडाउन करने से कोरोना के प्रभाव को कम किया जा सकता है। निगम सूत्रों के अनुसार, इसके लिए तालिका तैयार की जा रही है कि पहले किन वार्डों को बंद किया जाएगा और कैसे इस लॉकडाउन को सफल किया जा सकता है। गौरतलब है कि कंटेनमेंट जोन की संख्या में भी कमी आ रही है।
10 – 10 वार्डों की निगम ने तैयार की तालिका
निगम के स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, वार्ड स्तर पर लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत निगम के स्वास्थ्य विभाग में 10 -10 वार्डों की तालिका तैयार की गयी है। यह वार्ड ऐसे होंगे जिनमें कोरोना के मरीज पाए गए हो। उन वार्डों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहले 10 वार्डों को 3 दिनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। फिर बंद वार्डों को खोलकर अन्य 10 वार्डों को बंद किया जाएगा। कोलकाता नगर निगम के अंतर्गत 144 वार्ड आते हैं। ऐसे में 10 – 10 वार्डों की तालिका तैयार की गयी है। हालांकि इस दौरान कोलकाता पुलिस की मदद भी ली जा रही है ताकि इन इलाकों में पूरी तरह से निगरानी रखी जा सके।
अधिक संक्रमित वार्डों पर निगम का फोकस अधिक
निगम सूत्रों की मानें तो जिन वार्डों में कोरोना का संक्रमण सबसे अधिक फैला हुआ है, उन वार्डों में पहले लॉकडाउन किया जाएगा। इसके तहत उत्तर कोलकाता के बोरो 3 और दक्षिण कोलकाता के बोरो 8 पर निगम का अधिक फोकस होगा। बोरो 3 के अंतर्गत वार्ड 31, 32 ,33, 34 के साथ ही बोरो 8 के 69, 70, 75, 68 के साथ ही कई अन्य वार्ड भी शामिल हैं।
निगम ने 5 सदस्यों की स्पेशल कमेटी गठित की
कोलकाता नगर निगम ने वार्ड स्तर पर लॉकडाउन करने के लिए 5 सदस्यों की कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी निर्णय लेगी कि पहले किन वार्डों को बंद किया जाना चाहिए। इसके साथ ही इन वार्डों में जो आवश्यक चीजें हैं वह भी लोगों तक आसानी से पहुंच पाए।
कोरोना की चेन तोड़ने के लिए निगम करेगा वार्ड स्तर पर लॉकडाउन
Visited 415 times, 1 visit(s) today