जयपुर : राजस्थान में कोटा जिले के खातौली थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह चम्बल नदी में एक नाव पलटने से एक महिला सहित सात तीर्थयात्रियों की डूब कर मृत्यु हो गयी। नाव में करीब 50 व्यक्तियों सहित कुछ दुपहिया वाहन भी थे। खातौली के चम्बल ढीबरी गांव से कुछ दर्शनार्थी नाव से नदी पार बूंदी जिले में स्थित कमलेश्वर महादेव के मंदिर जा रहे थे। नाव पर क्षमता से अधिक वजन हो जाने से नाव का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। हादसे के बाद करीब 30 से 35 व्यक्ति स्वयं तथा ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित निकल गये। करीब दस व्यक्ति अब भी लापता बताये जा रहे हैं। अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं। बाकी की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना पर दुख जताते हुए शीर्ष अधिकारियों को लापता व्यक्तियों को जल्द तलाश करने के निर्देश दिये हैं।
कोटा जिले में चम्बल नदी में नाव डूबी, 7 मरे, 10 लापता
Visited 274 times, 1 visit(s) today