जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि पांच साल पहले उनके शासन के दौरान राज्य से केवल भ्रष्टाचार एवं लूट की खबरें आती थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एवं कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ अब भी भ्रष्टाचार के मामले में मुकदमे चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो शासन के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी भी बिकती थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 14 साल में 10 मुख्यमंत्री हुए हैं और ऐसा केवल कांग्रेस और झामुमो के स्वार्थ के कारण हुआ है। मोदी ने कहा कि पहली बार भाजपा ने राज्य को एक ऐसा मुख्यमंत्री दिया जिसने पांच साल तक सरकार चलायी। मोदी ने कहा कि जमशेदपुर श्रम एवं उद्योग की भूमि है और इसने लाखों लोगों के सपनों को साकार किया है और विश्व में भारत का साख बढ़ाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार, केंद्र सरकार को दिल्ली से बाहर निकाल कर भारत के हर कोने तक ले गयी है और राज्य को व्यवस्था में हुए इस बदलाव का फायदा हुआ है। मोदी ने मंगलवार को खूंटी में कहा, ‘जिस प्रकार भाजपा सरकार ने नक्सलवाद की कमर तोड़ी है और उसे बहुत ही छोटे इलाके तक समेट लिया है, उससे डर का माहौल कम हुआ है। इससे विकास का माहौल बना है।’ उन्होंने कहा कि बिना जाति, धर्म और संप्रदाय के भेदभाव के भाजपा की सरकार सभी के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है। हर घर में बिजली, पानी और शौचालय पहुंचाने का काम इस सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में 40 मेगावाट सौर ऊर्जा पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रांची के गैतल सूद बांध और धुर्वा बांध में देश के सबसे बड़े तैरते सोलर पैनल सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की भाजपा सरकार ने 60 हजार भूमि के पट्टे आदिवासियों और गरीबों को दिये और नयी सरकार बनने पर शेष पट्टे भी गरीबों को दे दिये जायेंगे। मोदी ने कहा कि आदिवासियों के जल,जंगल और जमीन के अधिकार पर कोई आंच नही है और न आने दी जाएगी। मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में आदिवासी समुदाय के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा ‘जिला मिनरल फंड’ की व्यवस्था की गयी और इसके तहत झारखंड को पांच हजार करोड़ की राशि दी गयी है, जिससे आदिवासी इलाकों में बच्चों के लिए स्कूल-कॉलेज समेत अस्पताल एवं रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने खूंटी में 3000 सखी मंडलों की चर्चा करते हुए कहा कि घर-घर महिलाओं को सशक्त करने और आर्थिक तौर पर समृद्ध करने में सखी मंडलों का योगदान अभूतपूर्व है और इसमें मुद्रा योजना ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए फिर से भाजपा की सरकार का बनना जरूरी है और यहां कि जनता सहजता से यह बात कह भी रही है कि प्रदेश के विकास के लिए ‘झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा।’ मोदी ने कहा कि खूंटी में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का टर्मिनल बनकर तैयार हो गया है और इसे शीघ्र पारादीप पाइपलाइन से जोड़ दिया जाएगा। ऐसे होने से दक्षिणी झारखंड को यहां से तेल की आपूर्ति की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा रक्षा विश्वविद्यालय एवं ज्ञान सिटी शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए नए अवसरों का सृजन करेगा।
कांग्रेस-झामुमो के शासन काल में मुख्यमंत्री की कुर्सी भी बिकती थी : नरेंद्र मोदी
Visited 110 times, 1 visit(s) today