मुंबईः लोकप्रिय टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नैतिक सिंघानिया का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए टीवी एक्टर करण मेहरा को सोमवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूरी रात स्टेशन में बिताने के बाद अब वो जमानत पर छूट गए हैं। करण मेहरा की पत्नी, एक्ट्रेस निशा रावल ने उनके खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया। घरेलू हिंसा के मामले में बीती रात उनकी गिरफ्तारी हुई।
बता दें कि करण और निशा के संबंध बीते कुछ समय से ठीक नहीं चल रहे थे। जमानत पर रिहा होने के बाद करण मेहरा ने इस पूरे मामले पर अपने बयान दिया है और लोगों के सामने अपना पक्ष रखा है। करण ने बताया कि उनकी पत्नी निशा की ओर से कही गई बात सच नहीं हैं। साथ ही उन्होंने भी अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
करण ने अपना पक्ष रखते हुए कहा, ‘ये मेरे लिए बहुत दु:ख की बात है। इतने सालों की मेहनत, इतने साल की शादी और अब ये सब…ये बहुत परेशान करने वाला है। बीते एक महीने से इस पर चर्चा हो रही है। लंबे समय से हमारे बीच चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। ‘
करण ने बताया, ‘ऐसे में हम सोच रहे थे कि हमें एक-दूसरे से अलग हो जाना चाहिए। इसके साथ ही और विकल्पों पर भी बात कर रहे थे। हम दोनों चीजों को ठीक करने की कोशिश कर रहे थे। निशा के परिवार से उनके भाई भी मौजूद थे, चीजों को हल कराने के लिए।’
लीगल तरीके से ही करते हैं
करण का आगे कहना था, ‘निशा और उनके भाई रोहित सेठिया ने एक एलिमनी अमाउंट मांगा, लेकिन वो राशि इतना ज्यादा थी कि वो मेरा लिए देना संभव नहीं था। बीती रात भी उसी सिलसिले में पूरी बात चल रही थी। उन्होंने जब कल इस बारे में पूछा तो भी मैंने यही कहा कि मुझसे नहीं हो पाएगा। उन्होंने ऑफर दिया कि जब चीजें ऐसे हल नहीं हो रहीं तो लीगल तौर पर करते हैं, जिसपर मैंने भी कहा कहा कि हां लीगल तरीके से ही करते हैं।’