नई दिल्ली : बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ अपने फैंस को सरप्राइज करने का एक भी मौका नहीं छोड़ती है। दो महीने पहले जहां नेहा ने अचानक रोहनप्रीत संग शादी की जानकारी देकर अपने फैंस को शॉक कर दिया था। वहीं अब नेहा के एक वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट ने उनके फैंस को हैरत में डाल दिया है। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है।
दरअसल, नेहा ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर पति रोहनप्रीत के साथ एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें उनका बेबी बंप नजर आ रहा है। फोटो कैप्शन में लिखा है- ख्याल रखा कर (#KhyaalRakhyaKar) इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि, नेहा के घर जल्द ही नन्हा मेहमान आने वाला है। शादी के महज दो महीनों के बाद ही इस खबर से पहले तो उनके फैंस हैरान हुए लेकिन अब काफी एक्साइटेड हैं। हालांकि, पोस्ट में सिंगर नेहा कक्कड़ ने खुल कर कुछ भी नहीं कहा है।
सोशल मीडिया पर मिल रही बधाईयां
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर म्यूजिक इंडस्ट्री के नव दंपति को ढेरों बधाईयां दी जा रही है। नेहा कक्कड़ के भाई टोनी कक्कड़ ने कमेंट बॉक्स में लिखा- मैं मामा बन जाऊंगा। रोहनप्रीत ने कमेंट में लिखा- अब तो कुछ ज्यादा ही ख्याल रखना पड़ेगा। एक्टर जय भानुशाली ने रोहन और नेहा को बधाईयां दी। टीवी एक्ट्रेस कनिका, हर्षदीप कौर, रिद्धिमा तिवारी, करिश्मा तन्ना सहित कई सेलेब्स उन्हें बधाईयां दे रहे हैं। नेहा की पति रोहनप्रीत संग बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए पोस्ट वायरल है।
शादी से लेकर हनीमून के फोटोज ने बटोरे चर्चे
बतातें चलें कि, 24 अक्टूबर को नेहा कक्कड़ पंजाबी सिंगर व एक्टर रोहनीप्रीत के साथ शादी के बंधन में बंधी। उनकी ग्रैंड शादी दिल्ली में हुई। शादी के हर फंक्शन की फोटो खूब वायरल हुई। इसके बाद दोनों दुबई हनीमून के लिए गए। रोहनप्रीत संग हनीमून की तस्वीरें भी इंटरनेट पर चर्चा में रहीं। नेहा और रोहन की लव स्टोरी की बात करें तो नेहा ने कपिल के शो में बताया था कि लॉकडाउन के दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई थी और फिर प्यार हुआ। जिसके बाद लॉकडाउन खत्म होते ही अक्टूबर महीने में शादी कर ली।