वैशाली : उत्तर भारत में महिलाओं के प्रति अपराध दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना के कुछ दिनों बाद ही बिहार के वैशाली में एक युवती को जिंदा जलाकर मार दिया गया। यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के 15 दिन बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए लोगों ने रविवार देर रात प्रदर्शन किया, हालांकि पुलिस की दखल के बाद देर रात ही लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, वैशाली में छेड़खानी का विरोध करने पर 20 साल की एक युवती को गांव के दबंगों ने जिंदा जला दिया था। घटना देसरी थाने के रसूलपुर हबीब की है। गांव के ही कुछ लड़कों ने छेड़खानी को लेकर विवाद के बाद लड़की पर केरोसिन डाल जिंदा जला दिया। लड़की का पटना पीएमसीएच में इलाज चल रहा था, जहां 15 दिन बाद उसकी मौत हो गई।
लड़की के घरवालों का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी के घरवालों से छेड़खानी की शिकायत की तो दबंग लड़के ने अपने दो साथियों के साथ लड़की को घर के पास पकड़ लिया और जिंदा जला दिया। वारदात के 15 दिन बाद कल देर रात पीड़िता की अस्पताल में मौत हो गई। वारदात के 15 दिन बीत जाने के बाद भी इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले सभी आरोपी फरार हैं। इसे लेकर मृतकों के परिजनों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।