मेरठ : उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता विनीत अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नेता ने राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते प्रदूषण के लिए पाकिस्तान और चीन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि हमारे पर्यावरण को खेतों के जलने से कोई क्षति नहीं पहुंची है। भाजपा नेता विनीत ने कहा कि हमें यह देखना होगा कि हमारे देश में प्रदूषण बढ़ाने के लिए कहीं पाकिस्तान और चीन ने कोई जहरीली गैस तो नहीं छोड़ी। उनके मुताबिक दोनों देश भारत से डरते है इसलिए ऐसा कर सकते हैं। अपने भाषण में नेता ने कहा कि किसी पास के मुल्क ने वातावरण में जहरीली हवा छोड़ी है जो हमसे सहमा और घबराया हुआ है। उन्हाेंने कहा कि जब से भारत में मोदी की सरकार बनी है तब से पाकिस्तान की हालत खराब हो चुकी है और वह कंगाल हो चुका है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री की आलोचना की
भाजपा नेता विनीत ने अपने भाषण में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा है। केजरीवाल के अनुसार पराली जलाने से प्रदूषण बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि हम मानते है कि हमारे देश में प्रदूषण का स्तर खतरनाक होता जा रहा है और इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। लेकिन इसके लिए किसानों और व्यापारियों पर दोष मत डालिए। उन्हें प्रभावित मत कीजिए। दोनों ही वर्ग देश की रीढ़ है और अगर दोनों खंडित हो गए तो देश नहीं चल पाएगा।
मोदी और शाह को कृष्ण और अर्जुन की जोड़ी बतायी
अपने भाषण में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह कृष्ण और अर्जुन की जोड़ी है। यह राम का युग है और भगवान राम का मंदिर जल्द ही तैयार हो जाएगा। उन्होंने इस युग को कृष्ण और अर्जुन का जमाना कहा है। अगर पाक ने हमारे देश में जहरीली हवा छोड़ी है तो यह चिंता का विषय है। पाकिस्तान ने मुगलों को भी पीछे छोड़ दिया है। उसका अंत नजदीक है और वह कभी भी कुछ भी कर सकता है। इसलिए हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है।