उन्नाव : देश भर में जनता का आक्रोश बलात्कार और महिलाआें के प्रति बढ़ते हिंसा को लेकर अभी थमा भी नहीं था कि उत्तरप्रदेश के उन्नाव में फिर से इंसानियत का गला घोट दिया गया। उन्नाव में बिहार थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को गुरुवार सुबह जमानत पर छूट कर आए दो आरोपियों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जिंदा जला दिया। घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि पीड़िता 90 प्रतिशत तक जल गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम त्रिवेदी समेत शुभम त्रिवेदी, हरिशंकर त्रिवेदी, उमेश बाजपेई और राम किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की हालत इतनी गंभीर हो गयी है कि उसे लखनऊ के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मालूम हो कि युवती के साथ सामूहिक बलात्कर के मामले में दो आरोपियों को हाल ही में जमानत मिली थी। आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
शादी का झांसा देकर किया था बलात्कार
जानकारी के मुताबिक रायबरेली के लालगंज थाना क्षेत्र में यह मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसे शादी का झांसा देकर दाे लोगों ने उसका सामूहिक बलात्कार किया। इन्हीं दोनों आरोपियों पर पीड़िता के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का आरोप है। वहीं दूसरी ओर पीड़िता के घरवालाें का कहना है कि जमानत पर छूटे दोनों आरोपी लगातार दाे दिनों से उन्हें घमकी दे रहे थे।
सिर पर डंडे से और गले पर चाकू से वार किया
पीड़िता ने बयान में दिया कि गुरुवार करीब 4 बजे वह रायबरेली जाने के लिए बैसवारा बिहार रेलवे स्टेशन जा रही थी। उसी दौरान गौरा मोड़ पर गांव के हरिशंकर त्रिवेदी, किशोर, शुभम, शिवम और उमेश ने उसे घेर लिया। उसने बताया कि आरोपियों ने उसके सिर पर डंडे से और गले पर चाकू से वार किया। इसी बीच जब वह चक्कर खाकर गिरी तो आरोपियों ने पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों को घर से धर दबोचा
उत्तर प्रदेश की पुलिस का दावा है कि घटना के तुरंत बाद पीड़िता के बयान के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब आरोपियों के घरों पर पुलिस ने छापे मारे तो तीन आरोपी अपने- अपने घरों पर परिवारवालों के बीच मौजूद मिले। घटना की गहरी तफ्तीश की जा रही है। पुलिस को घटना से संबंधित कुछ और तथ्य भी मिले हैं जिसकी जांच जारी है।