
चेन्नई : तमिलनाडु के कुडलूर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जिसमें एक महिला (सत्यवती) ने अपने शराबी पति से लड़ाई के बाद तीन बेटियों की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों बेटियों अक्षया (6), नंतिनी (4) और दर्शिनी (2) के शव बरामद किए हैं। जानकारी के मुताबिक सत्यवती ने अपनी बेटियों को नाली में धक्का दे दिया जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने सेतियाथोप थाने में आत्मसर्मपण कर दिया। सत्यवती और उसके पति मनिकंदन में हर रोज झगड़ा होता था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने बच्चियों के शव को स्थानीय लोगों की मदद से खोजा। जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि करीब सात साल पहले सत्यवती और मनिकंदन की शादी हुई थी और इसके बाद वे दोनों अपने तीन बच्चों के साथ सेतियाथोप में रहते थे।
मारने के बाद हुई मौके से फरार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 24 सितंबर को सत्यवती और उसके पति के बीच लड़ाई हुई। झगड़े के बाद सत्यवती अपनी बेटियों के साथ अपने मायके चली गई। हालांकि अपनी मां के समझाने के बाद वह ससुराल जाने के बाद तैयार हो गई थी जिसके बाद वह अपने ससुराल जाने के लिए बुधवार सुबह एक बस में बैठ गई। इसी बीच वह सेतियाथोप स्टेशन पर उतर गयी और दिन भर वहीं घूमती रही। उसने बुधवार रात को ही अपने बच्चों को एक नाले में फेंक दिया और घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग खड़ी हुई। पुलिस को इस बात का पता तब चला जब सत्यवती ने पुलिस स्टेशन में अपना जुर्म कबूल कर लिया।