
नई दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच 5 चरणों में मतदान होगा। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे। पिछली बार भी राज्य में पांच चरण में मतदान हुआ था। चरण में 30 नवंबर, दूसरे चरण में 7 दिसंबर, तीसरे चरण में 12 दिसंबर, चौथे चरण में 16 दिसंबर और पांचवें व आखिरी चरण में 20 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। झारखंड की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को खत्म हो रहा है। राज्य में अभी भाजपा और आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) की गठबंधन सरकार है। रघुवर दास मुख्यमंत्री हैं।
नक्सल प्रभावित इलाके भी है शामिल
81 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 41 का आंकड़ा जरूरी है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 37 और आजसू को 5 सीटें मिली थीं। बाद में झारखंड विकास मोर्चा के 6 विधायक भाजपा में शामिल हो गए। अभी भाजपा के पास 43 विधायक हैं। चुनाव आयोग ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि झारखंड में 19 जिले नक्सल प्रभावित हैं, जिनमें से 13 जिले अतिसंवेदनशील हैं। बता दे कि विधानसभा चुनावी क्षेत्रों में 67 विधानसभा क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित हैं। इन सभी जिलों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
होने वाले झारखंड चुनाव से जुड़ी कुछ बाते
चुनाव खर्चों पर नजर रखने के लिए हर जिले में इनकम टैक्स के अफसर तैनात रहेंगे। शारीरिक दिव्यांग, सीनियर सिटिजन को पोस्टल बैलट से वोट देने की सुविधा। पोलिंग स्टेशनों की संख्या में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। झारखंड में अपडेटेड वोटर लिस्ट में कुल 2.265 करोड़ वोटर हैं। 12 अक्टूबर 2019 को फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की गई। वामपंथी चरमपंथ से प्रभावित इलाकों में सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। राज्य के 19 जिलों की कुल 67 सीटें नक्सल प्रभावित हैं। 19 जिले संवेदनशील, इनमें से 13 अति संवेदनशील। 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या गठबंधन को कम से कम 41 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी।
झारखंड विधानसभा चुनाव में 2,26,17,612 मतदाता राज्य के 81 विधायक चुनेंगे। राज्य में कुल 1,18,16,098 पुरुष वोटर हैं। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 1,08,01,274 है। 240 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं। जनवरी-2019 में जारी मतदाता सूची के अनुसार राज्य में जहां कुल वोटर 2,19,81,172 थे, वहीं आठ माह में यह संख्या 6 लाख 36 हजार बढ़ी है।
राज्य की 14 में से 11 लोकसभा सीटें भाजपा के पास
2019 के लोकसभा चुनाव में झारखंड की 14 में से 11 सीटें भाजपा को मिली थीं। 1 सीट भाजपा की सहयोगी आजसू को मिली थी। झामुमो और कांग्रेस के हिस्से 1-1 सीट आई थी। राज्य में फिलहाल बीजेपी और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) की सरकार है। पिछले चुनाव में बीजेपी ने 37 और उसकी सहयोगी एजेएसयू ने 5 सीटों पर जीत हासिल की थी। एनडीए के सामने राज्य में अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है। इनके अलावा कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल भी चुनाव मैदान में होंगे।