बक्सर : जहां देश में एक ओर हैदराबाद की महिला वेटनरी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद जिंदा जला डालने की घटना से आक्रोश का माहौल है वहीं दूसरी ओर एक और बेटी के साथ इसी तरह की हरकत की गई है। यह घटना बिहार के बक्सर जिले से सामने आई है जहां एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद दरिंदों ने उसे गोली मार दी और फिर लाश को जला दिया। नगर थाना क्षेत्र से किशोरी का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
सोमवार सुबह घर से हुई थी लापता
सूत्रों के अनुसार यह किशोरी सोमवार सुबह अपने घर से लापता थी। लड़की के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी घर के दरवाजे पर खड़ी होकर किसी अन्जान व्यक्ति से बात कर रही थी। उस समय परिवार ने इसे नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन कुछ देर बाद वह दरवाजे पर नहीं दिखी तो घरवालों ने चारों ओर उसको ढूंढा पर कहीं भी पता नहीं चला। अंत में थक हार कर परिवारवाले नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे। इस प्राथमिकी में अन्जान व्यक्ति पर शादी की नीयत से अपहरण का आरोप लगाया गया।
अज्ञात नंबर से आया था कॉल
इस बीच परिवार वालों को एक अज्ञात नम्बर से कॉल आया, जिसमें यह सूचना दी गई कि अब उनकी बेटी वापस नहीं आएगी और तुरंत ही कॉल काट दी गई। इसके बाद परिजनों द्वारा हत्या की भी आशंका जाहिर की गई।
मंगलवार सुबह बरामद हुआ शव
मंगलवार सुबह इटाढ़ी थाना क्षेत्र के कुकुढ़ा गांव के बधार (सुनसान स्थान वाला खेत) से एक किशोरी का जला हुआ शव बरामद किया गया। इस शव की जांच के बाद पुलिस ने बताया कि लकड़ी की गोली मारकर हत्या की गई और फिर पेट्रोल डालकर शव को जला दिया गया है। एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि शव की जांच कराई जा रही है।
24 घंटे के भीतर हुई वारदात
जले हुए शव के पोस्टमॉर्टेम के बाद सामने आया कि किशोरी के साथ हत्या के पहले सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया गया है। पोस्टमॉर्टेम करने वाले डॉक्टर बीएन चौबे ने दुष्कर्म की पुष्टि की है। इस पूरी वारदात को पिछले 24 घण्टे के भीतर ही अंजाम दिया गया है। वहीं लोगों में हैदराबाद की घटना तैर गई है जिसे बक्सर में भी दोहराया गया है। किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसे गोली मारी गई है और फिर पेट्रोल से उसे जलाया दिया गया।