
विधाननगर : न्यूटाउन गेट के पास शनिवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम रोहन धनछोलिया है। वह लेक टाउन थाना अंतर्गत बांगुर एवेन्यू का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार मृत युवक शनिवार की देर रात न्यूटाउन से अपने घर की ओर जा रहा था, उसी दौरान न्यूटाउन गेट के बाद क्रोमा सेंटर के सामने वह दुर्घटना की चपेट में आ गया। देर रात वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उसे रक्तरंजित हालत में देख घटना की जानकारी न्यूटाउन थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोहन को विधाननगर महकमा अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी या फिर वह खुद ही नियंत्रण खोकर दुर्घटना की चपेट में आ गया, इस बात की जांच न्यूटाउन थाने की पुलिस कर रही है।