
बर्नपुर : रविन्द्र जयंती के अवसर पर बीएनआर स्थित रविन्द्र भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां आसनसोल नगर निगम सहित विभिन्न संस्थाओं व तृणमूल कांग्रेस द्वारा रविन्द्र भवन में स्थापित कवि गुरु की प्रतिमा पर बारी- बारी से माल्यार्पण किया जा रहा था। इसी दौरान तृणमूल महिला कांग्रेस द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जा रहा था। वार्ड संख्या 79 की पार्षद सिमा मंडल भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रही थी। वहीं प्रतिमा के नीचे जल रहे दीपक के संपर्क में आने पर पार्षद सिमा मंडल के साड़ी के आग लग गई। साड़ी सिल्क का होने के कारण आग काफी तेजी से फैल गई। साड़ी में आग लगने के कारण सिमा मंडल गंभीर रूप से झुलस गई। मौके पर मौजूद तृणमूल कर्मियों द्वारा आग को बुझाकर महिला पार्षद को इलाज के लिये बर्नपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस आगजनी की घटना में पार्षद सिमा मंडल के दोनों हाथ, कमर, पीठ झुलस गया है। वहीं उन्हें बेहतर इलाज के लिये दुर्गापुर स्थित निजी अस्पताल ले जाया जा रहा है।