
सन्मार्ग संवाददाता
गोवाहाटी : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को असम दौरे से भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खून के अंतिम बूंद तक भाजपा को हटाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। असम में ‘भ्रष्ट’ भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए वे हर संभव कोशिश करेंगे। इस दिन अभिषेक ने कामाख्या मंदिर में पूजा की। इसके साथ ही यहां पार्टी कार्यालय का भी उद्घाटन किया। सांसद ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2024 में राज्य की 14 में से 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का है। अगर दस सीटें पाती है तो दिल्ली की कुर्सी हिल जायेगी। अभिषेक ने कहा कि तृणमूल जहां भी गयी है, आखिर तक संघर्ष किया है। हम दो सालों में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए लड़ेंगे। इसमें जिसको साथ आना है आये लेकिन हम तब चैन से नहीं बैठेंगे जब तक हम इस राज्य में जीत नहीं जाते। हम लड़ाई शुरू करने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि तृणमूल कांग्रेस त्रिपुरा और मेघालय दोनों में सरकार बनाएगी। इन दोनों राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि दिसंबर के अंत तक तृणमूल असम में सभी बूथों पर इस तरह की समितियां होंगी।