
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बेलपहाड़ी से लेकर झाड़ग्राम शहर के विभिन्न स्थानों से माओवादी पोस्टर और तृणमूल नेताओं को धमकी देने वाले पोस्टर बरामद हुए हैं। इस पर सीएम ममता बनर्जी ने बुधवार को नवान्न की बैठक में डीएम व एसपी से पूछा कि पोस्टर का मामला क्या है। अधिकारियों ने सीएम काे बताया कि कुछ नहीं है मैडम, हमलोगों ने वहां के लोगों से बातचीत की। वहां जाकर देखा है लेकिन माओवादी प्रभाव जैसा कुछ नहीं मिला है। इसके बाद ही सीएम ने कहा कि एक, दो, तीन पाेस्टर भाजपा लगा दे रही है माओवाद के नाम पर। झारखंड से कुछ लोगों को बंगाल में प्रवेश करा कर यह सब करवा रही है। सीएम ने यह भी कहा कि अगर दो एक माओवादी हैं भी तो एक्शन लिया जाये। ममता ने भाजपा पर माओवादियों की मदद का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा माओवादियों को मदद दे रही है। उन्होंने कहा कि डर दिखाने के लिए भाजपा द्वारा माओवादियों के नाम से पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस से पूछा कि इस मामले में कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है? इस सवाल के जवाब में पुलिस महानिदेशक मनोज मालवीय ने कहा कि तीन को गिरफ्तार किया गया है, दो और निशाने पर हैं। यह सुनकर मुख्यमंत्री ने झाड़ग्राम पुलिस से कहा, आपकी और मेरी जानकारी में अंतर है।
सीएम ने यह भी जानना चाहा कि क्या बेलपहाड़ी सीमा को सील कर दिया गया है? खबरें हैं कि झारखंड से लोग प्रवेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से कहा कि जिस क्षेत्र में भय का माहौल बनाया जा रहा है वहां जाकर लोगों का मनोबल बढ़ाना जरूरी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नियमित रूप से थाना विजिट करें
मुख्यमंत्री ने बढ़ते आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर एडीजी, आईजी, डीआईजी, पुलिस आयुक्त एवं एसपी को नियमित रूप से थाना विजिट करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एसडीपीओ और अन्य अधिकारियों को भी इलाके का नियमित दौरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को आम लोगों के साथ समन्वय बढ़ाना होगा और लोगों का विश्वास अर्जित करना होगा।