
मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा थाने पर हमला मामले में बड़ी जानकारी सामने आ रही है। बताते हैं कि यहां एक लड़की की फेसबुक पोस्ट के बाद हिंसा भड़की थी और भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ की थी। सूत्रों के मुताबिक बेलडांगा की रहने वाली लड़की ने हावड़ा में हुई हिंसा पर एक फेसबुक पोस्ट किया था। इसके बाद पुलिस ने लड़की को गिरफ्तार कर लिया। मगर प्रदर्शनकारी बेलडांगा थाने पहुंच गए और लड़की को दिखाने की मांग करने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि लड़की को बेहरामपुर भेज दिया है। इसी बात पर कहासुनी के बाद थाने पर पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि बम भी फेंके गए। घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था।