
-अभियुक्त ने ही शव के बारे में पुलिस को दी थी सूचना
कोलकाता : इकबालपुर में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम शेख साजिद उर्फ रोहित (30) एवं अंजुम बेगम (26) हैं। पुलिस ने शेख साजिद को डेंट मिशन रोड से गिरफ्तार किया है। वहीं उसकी पत्नी को घर से गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह एम. एम. अली रोड से बोरे के अंदर से एक युवती का शव बरामद किया गया था। युवती के परिचित शेख साजिद ने बोरे के अंदर शव पड़ा देख घटना की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद ही पुलिस ने घटनास्थल से युवती का शव बरामद किया। युवती के शरीर पर कई चोट के निशान मिले थे। इसके बाद ही पुलिस शेख साजिद को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान पता चला कि शेख साजिद के साथ साबा के गहरे रिश्ते थे। दोनों के रिश्ते साजिद की पत्नी अंजुम को पसंद नहीं था। ऐसे में पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि साबा द्वारा साजिद पर शादी के लिए दबाव बनाने पर दोनों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार की रात शेख साजिद के घर पर साबा को बुलाया गया था। इसके बाद साबा उनके पास गयी तो गला घोटकर उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस के अनुसार किसी कारण से साबा को ब्लैकमेल किया जाता था। हालांकि किस कारणवश उसे डराया जाता था , यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार बचपन में ही साबा और सुनयना की मां की मौत हो गयी थी। उनका भाई है। पत्नी की मौत के बाद शेख दुलारा ने अपने बच्चों को मां और भाभी के पास छोड़कर काकद्वीप में दूसरी शादी कर घर बसा लिया था। कक्षा 5 के बाद उसने पढ़ाई नहीं की। धीरे-धीरे वह सभी लोगों से बातचीत करने लगी। सुंदरता के कारण साबा से कई लड़कों ने दोस्ती की थी। गलत संगति में पढ़कर वह नशा करने लगी। नशे की लत के कारण परिजनों ने उसे बेहला के एक रिहैब सेंटर में भर्ती कराया था।