
हावड़ा : बच्चे को बचाने के लिए गंगा में कूदे युवक की जान चली गयी। मृतक का नाम सायन बसु है। वह लिलुआ के भट्टनगर का रहनेवाला था। वह बेलूड़ के लालबाबा कॉलेज में काॅमर्स का छात्र था। पुलिस के अनुसार गंगा घाट पर बैठकर सायन अपने दोस्तों से बात कर रहा था। तभी उसने देखा कि गंगा में एक बच्चा बह रहा है। उस बच्चे को बचाने के लिए सायन व उसकी एक दोस्त दोनों ही गंगा में कूद गये। हालांकि इस घटना में बच्चे व उसकी दोस्त की जान बच गयी जबकि सायन का शव बरामद किया गया। यह घटना बेलूड़ की है। शायन के दोस्तों ने बताया कि वह यह कहकर गंगा में कूद गया था कि बच्चे की जान बचानी होगी। उसके साथ उसकी दोस्त अनीशा भी कूदी थी। दरअसल सायन ने बच्चे को तो बचाया ही साथ ही अनीशा को भी उसने बचाया लेकिन उन्हें बचाने के बाद वह गंगा नदी के बहाव में बह गया। इसके बाद इसकी जानकारी बाली थाने की पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सायन की तलाश में जुटी और अंत में उसका शव बरामद किया गया।