
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाताः राज्य के विभिन्न जिलों में हीट वेव का असर जारी रहेगा। ऐसी ही संभावना जताई है अलीपुर मौसम विभाग ने। इसके अलावा दक्षिण बंगाल के पश्चिमी जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम बंगाल के 5 जिलों में अगले 48 से 72 घंटों तक हीट वेव का असर जारी रहेगा। बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम, मिदनापुर झाड़ग्राम और पश्चिम बर्दवान इन पांच जिलों में लू की स्थिति बनेगी। इन जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। सोमवार को बांकुड़ा में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसनसोल में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पुरुलिया में भी अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा। महानगर में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सिय रहा। अगले सप्ताह तक महानगर में बारिश के आसार हैं।