
झिटका जंगल से भाजपा कर्मियों के बस पर हमले का आरोप
झाड़ग्राम: झाड़ग्राम जिले के लालगढ़ में मंगलवार की अपराह्न को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के लालगढ़ आगमन से पहले दोपहर के प्रायः ढाई बजे लालगढ़ के झिटका जंगल से भाजपा कर्मियों के बस को निशान बनाते हुये गोलियां चलाये जाने का आरोप लगा है। हालांकि घटना में किसी के मारे जाने अथवा घायल होने की खबर नहीं मिली है। घटना को लेकर राजनीतिक तनाव फैल गया है। भाजपा का आरोप है कि गोलियां तृणमूल के लोगों द्वारा चलायी गयीं, लेकिन तृणमूल की ओर से भाजपा द्वारा लगाये गये आरोप को खारिज कर दिया गया। विदित हो कि लालगढ़ के झिटका जंगल में एक समय माओवादियों का प्रभुत्व था उसी जंगल में 2006 में एक लैंडमाईन को निष्क्रिय करते समय वह फट गया था, जिसमें 2 पुलिस कर्मियों की मौत हो गयी थी। साथ ही कई मीडिया कर्मी गंभीर रुप से घायल हो गये थे। मंगलवार को लालगढ़ में भाजपा की ओर से एक दलीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुये। सूत्रों के अनुसार उनके लालगढ़ पहुंचने से ठीक पहले भाजपा कर्मियों की एक बस लालगढ़ जा रही थी कि लालगढ़ पहुंचने से ठीक पहले झिटका जंगल में अचानक उस बस को लक्ष्य कर गोलियां चलाये जाने का आरोप है। गोलियां किसने चलायीं, इस बारे में आधिकारिक रुप से कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि तृणमूल द्वारा भाजपाईयों को सभा में जाने से रोकने के लिये ही उन पर गोलियां दागी गयीं। इस घटना के सबंध में झाड़ग्राम की एसपी इंदिरा मुखर्जी का कहना है कि किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलती है तो अवश्य ही जांच की जायेगी।