
अशोक दिंदा ने भी छोड़ा ग्रुप
सन्मार्ग संवाददाता
नंदीग्राम/कोलकाता : विपक्ष के नेता व भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने जिला स्तर का भाजपा का ह्वाट्स ऐप ग्रुप छोड़ दिया है। सोमवार को ये खबर सामने आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। हालांकि सूत्रों का कहना है कि विपक्ष के नेता को बताये बगैर ही भाजपा के जिला स्तर के कई ह्वाट्स ऐप ग्रुपों में शामिल कर दिया गया था। ये देखने के बाद शुभेंदु एक-एक कर सभी ग्रुपों से निकल गये। इस बारे में शुभेंदु के करीबियाें ने बताया कि वह केवल राज्य के सांगठनिक ग्रुपों में रहना चाहते हैं। इस कारण जिलों का ह्वाट्स ऐप ग्रुप उन्होंने छोड़ दिया। वहीं सूत्रों का यह भी कहना है कि हाल में तमलुक समेत कई जिलों के जिलाध्यक्ष बदले जाने के बाद से भाजपा के विभिन्न ह्वाट्स ऐप ग्रुपों में हंगामा हो रहा था। पार्टी के जिला नेता आपस में लड़ रहे थे जिस कारण शुभेंदु ने ह्वाट्स ऐप ग्रुप छोड़ना ही उचित समझा। वहीं इस मामले के बाद तय किया गया कि आगामी दिनों में इस प्रकार किसी वरिष्ठ नेता को जिला स्तर के किसी ग्रुप में शामिल करने से पहले उन्हें सूचित किया जाएगा। राज्य के एक भाजपा नेता ने कहा, ‘शुभेंदु दा, दिलीपदा, सुकांत दा के समान नेताओं को बेवजह के ह्वाट्स ऐप ग्रुप में रखने की आदत बंद करनी होगी क्योंकि वे हजारों व्यस्तता में रहते हैं। विपक्ष के नेता ने उन ग्रुपों से निकलकर सटीक निर्णय लिया है।’ इधर, भाजपा विधायक अशोक दिंदा ने भी कई ह्वाट्स ऐप ग्रुप छोड़ दिये हैं।